फर्जी नंबर प्लेट लगी कार से 223 बोतल अवैध शराब बरामद, डैशबोर्ड और सीएनजी सिलेंडर में छिपाकर ले जा रहे थे आरोपी.
सीतापुर (संवाददाता): जनपद में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और महमूदाबाद कोतवाली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। संयुक्त पुलिस टीम ने मोतीपुर बाईपास के पास घेराबंदी कर अंतर्राज्यीय शराब तस्कर गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी हरियाणा से सस्ती शराब खरीदकर कूट रचित नंबर प्लेट लगी कार के जरिये बिहार ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान कार से विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 223 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई है।
गुप्त कैविटी और सीएनजी सिलेंडर में छिपा रखी थी खेप.पूछताछ में तस्करों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए तस्करी के अनोखे तरीके का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर आरोपी हरियाणा से सस्ते दामों पर अंग्रेजी शराब खरीदते थे। पुलिस और टोल टैक्स की जांच से बचने के लिए कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। शराब की बोतलों को कार के डैशबोर्ड, दरवाजों, सीटों के नीचे बने विशेष बॉक्स और सीएनजी सिलेंडर के भीतर छिपाकर रखा गया था, ताकि किसी को शक न हो। इसे बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी।
सीतामढ़ी बिहार के रहने वाले हैं तीनों अभियुक्त.गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान बजरंगी राय निवासी पमरा, थाना पुनौरा, रमेश सिंह निवासी ग्राम जलसी, थाना सहियारा और पप्पू कुमार निवासी रामनगरा, थाना रीगा के रूप में हुई है। तीनों अभियुक्त बिहार के जनपद सीतामढ़ी के मूल निवासी हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ईटियोस कार को धारा 207 एमवी एक्ट में सीज कर दिया है। जांच में सामने आया कि कार का वास्तविक नंबर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।
कड़ी धाराओं में केस दर्ज, भेजा गया जेल.पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह व सीओ महमूदाबाद कपूर कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र विक्रम सिंह और एसओजी प्रभारी अरविंद शुक्ला की अगुवाई वाली टीम ने इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया। पुलिस ने पकड़े गए तीनों अभियुक्तों के खिलाफ महमूदाबाद थाने में आबकारी अधिनियम और बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। बरामद शराब में 'फॉर सेल इन हरियाणा ओनली' मार्का लगा हुआ है।


0 टिप्पणियाँ